पल्ला–सेहतपुर रोड की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल, व्यापक भ्रष्टाचार की आशंका
फरीदाबाद।
लंबे इंतजार के बाद बन रही पल्ला सेहतपुर रोड की गुणवत्ता को लेकर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने की आशंका जताई है। आरोप है कि तय मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है और काम की रफ्तार भी बेहद धीमी है, जिससे दुकानदारों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि 18-10-2022 को एमसीएफ/ईई-5/2022/526 पत्र के अनुसार यह माना गया था कि पल्ला से सेहतपुर तक सड़क की हालत बेहद खराब और खतरनाक है, इसलिए इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके बाद तिगांव विधायक के फंड से करीब2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जाना तय हुआ था। कई रुकावटों के बाद करीब चार साल बाद जब सड़क का काम शुरू हुआ तो इसकी गुणवत्ता पर लोग सवाल उठाने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टेंडर के अनुसार जो काम होना था, वह ठेकेदार द्वारा नहीं किया जा रहा और तय मानकों की अनदेखी की जा रही है। निगम इंजीनियरों द्वारा अनुमानित लागत में सड़क की संरचना इस प्रकार तय की गई थी—
- 6 इंच डब्ल्यूबीएम
- 6 इंच पीसीसी
- उसके ऊपर 12 इंच एम-40 ग्रेड आरसीसी
यानी कुल मिलाकर सड़क की मोटाई करीब 18 इंच (डेढ़ फीट) होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर डब्ल्यूबीएम की परत बिछाई ही नहीं गई है और पीसीसी व आरसीसी मिलाकर कुल मोटाई सिर्फ 11 से 12 इंच ही डाली जा रही है।
इतना ही नहीं, आरसीसी सड़क में तय मानक जैसे पैनल, एक्सपेंशन जॉइंट, डॉवेल बार, टाई बार और कंक्रीट पर पानी का छिड़काव जैसी जरूरी प्रक्रियाएं भी नहीं अपनाई जा रही हैं। ऐसी स्थिति में यह सड़क कितने दिनों तक टिक पाएगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। साफ प्रतीत होता है कि पल्ला से सेहतपुर तक बनने वाली सड़क में केवल खानापूर्ति कर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

साहब सिंह, निवासी शिव कॉलोनी, पल्ला:
“रोड बनने से हमें बहुत परेशानी हो रही है। कई महीनों से रास्ते बंद हैं। ठेकेदार हफ्ते में एक दिन ही काम करता है। सड़क भी बहुत घटिया बनाई जा रही है। इसकी जांच होनी चाहिए और काम जल्दी पूरा होना चाहिए।”

सत्यपाल सिंह, निवासी शिव कॉलोनी, पल्ला:
“इस क्षेत्र के सभी लोग परेशान हैं। काम बहुत धीमा है। पुरानी सड़क तोड़ दी गई, अब नई बन ही नहीं रही। आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। मुख्य सड़क को चौड़ा और डबल बनाया जाना था, लेकिन यहां तो सिर्फ खानापूर्ति और सरकारी पैसे की लूट हो रही है।”

आर.एन. सिंह चौहान, आरटीआई कार्यकर्ता, पंचशील कॉलोनी, बसंतपुर:
“विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार हो रहा है। इस सड़क में आधा पैसा ही लगाया जा रहा है। किसी भी तय मानक का पालन नहीं किया गया। यह सड़क कुछ महीनों में ही टूट जाएगी। हम इसकी शिकायत विजिलेंस से करेंगे और इस बड़े घोटाले का जल्द खुलासा करेंगे।”
