मनरेगा बचाओ संग्राम: हरियाणा के श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी से की मुलाकात, रखी मांगें
**नई दिल्ली।** मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत हरियाणा के मनरेगा श्रमिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली स्थित लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हरियाणा के मनरेगा कॉर्डिनेटर लखन सिंगला कर रहे थे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा में मनरेगा की वर्तमान स्थिति से राहुल गांधी को अवगत कराया और बताया कि किस तरह प्रदेश में मनरेगा योजना को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई जगहों पर मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल रहा, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है और जॉब कार्ड होते हुए भी काम नहीं दिया जा रहा।

लखन सिंगला ने राहुल गांधी को बताया कि “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के माध्यम से प्रदेश भर में मजदूरों को उनके अधिकारों के लिए संगठित किया जा रहा है और सरकार से यह मांग की जा रही है कि हर जरूरतमंद परिवार को 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाए, साथ ही लंबित मजदूरी का तुरंत भुगतान किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें हरियाणा में मनरेगा को लेकर आ रही समस्याओं और मजदूरों की मांगों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे और मजदूरों के हक की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए मनरेगा श्रमिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक मनरेगा को पूरी मजबूती से लागू नहीं किया जाता और मजदूरों को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक “मनरेगा बचाओ संग्राम” जारी रहेगा।।
