ऐतिहासिक बजट का पलवल में लाइव प्रसारण, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया सर्वस्पर्शी व जनकल्याणकारी

पलवल, 01 फरवरी।
कमलकांत शर्मा सत्य हुंकार न्यूज
भारत देश के नागरिकों के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किए गए ऐतिहासिक केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण रविवार को सेक्टर-2 स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, पलवल में दिखाया व सुनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, सोशल मीडिया इंचार्ज अरुण यादव, हरेंद्रपाल राणा, जयराम प्रजापति, महामंत्री दिनेश सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तुतिकरण के उपरांत खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगभग साढ़े 53 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट देश के सामने रखा है। यह बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें युवा, महिलाएं, किसान, गरीब, दिव्यांगजन सहित समाज के सभी वर्गों को केंद्र में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट कई मायनों में ऐतिहासिक है। जिन 25 करोड़ लोगों के लिए वर्षों तक गरीबी हटाओ का नारा लगाया गया, लेकिन वास्तविक लाभ नहीं पहुंच पाया, आज उन्हीं 25 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबी रेखा से ऊपर लाकर सम्मानजनक जीवन प्रदान किया गया है। आज केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे आमजन तक पहुंच रहा है।
खेल राज्य मंत्री ने बताया कि इस बजट में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर खर्च किए जाएंगे। आज देश की कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। सडक़ मार्ग से यात्रा अब आसान, सुरक्षित और तेज हो गई है। सडक़ नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ रेलवे का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है। आधुनिक रेलवे कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट भारत को विकसित देशों की श्रेणी में स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट विशेष रूप से युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्टार्ट-अप्स, एमएसएमई, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित हर क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि देश के युवाओं के नवाचार और विचार वैश्विक स्तर तक पहुंच सकें।
इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया योजना को अब केवल एक योजना न रखकर एक मिशन का रूप दिया गया है, जिससे भारत का हर युवा खेले और आगे बढ़े। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट की तर्ज पर अब खेलों से जुड़े उपकरण भी भारत में ही बनाए जाएंगे, जिससे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि भारत, जो कभी जहाज, कार्गो प्लेन और अन्य संसाधनों के लिए विदेशी देशों पर निर्भर था, आज उन्हें स्वयं बनाने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। इसके लिए अलग से बजट और स्पष्ट कार्य योजना तैयार की गई है। देश की प्राचीन आयुर्वेदिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए विश्वविद्यालय खोले जाएंगे। मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सस्ती और मुफ्त दवाइयों की व्यवस्था इस बजट में की गई है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और जनकल्याणकारी है, जो देश के हर वर्ग को प्रभावित करेगा और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
